Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

डीआरएम चक्रधरपुर ने वंदे भारत में बड़ी दुर्घटना टालने वाले सतर्क रेलकर्मी को किया सम्मानित

चक्रधरपुर। यात्री सुरक्षा के प्रति उत्कृष्ट सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देने वाले रेलकर्मी को चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक ने सम्मानित किया है। वंदे भारत एक्सप्रेस में हॉट एक्सल की समय रहते पहचान कर एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभाने वाले सोनुआ स्टेशन के प्वाइंट्समैन-ए राजेन कच्छप को डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हुरिया द्वारा शुक्रवार को सम्मानित किया गया। डीआरएम ने इस अवसर पर कहा कि सजग और जिम्मेदार रेलकर्मी ही सुरक्षित रेल संचालन की मजबूत नींव होते हैं।

घटना 5 फरवरी 2026 की है, जब ट्रेन संख्या 20871 वंदे भारत एक्सप्रेस सोनुआ–टुनिया रेलखंड से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान सोनुआ स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात प्वाइंट्समैन-ए राजेन कच्छप ने ट्रेन के तीसरे कोच से धुआं निकलते और जलने जैसी गंध महसूस की। अनुभव के आधार पर उन्होंने तुरंत समझ लिया कि कोच के एक्सल में अत्यधिक गर्मी, यानी हॉट एक्सल की समस्या उत्पन्न हो गई है, जो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए श्री कच्छप ने तत्काल स्टेशन मास्टर और संबंधित रेल अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ऑन-ड्यूटी स्टाफ, स्टेशन कर्मियों और मंडलीय नियंत्रण कक्ष के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कदम उठाए गए। ट्रेन को सुरक्षित रूप से टुनिया स्टेशन पर रोका गया, जहां तकनीकी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हॉट एक्सल के कारण लगी आग को बुझाया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया।

रेल प्रशासन के अनुसार, समय पर की गई इस कार्रवाई के चलते ट्रेन में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और न ही किसी प्रकार की जान-माल की क्षति हुई। घटना के बाद संबंधित कोच की तकनीकी जांच भी कराई गई, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी समस्या से बचा जा सके।

इस सराहनीय कार्य के लिए डीआरएम तरुण हुरिया ने राजेन कच्छप को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता ने न केवल एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की, बल्कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर यात्रियों का भरोसा भी मजबूत किया है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी ऑन-ड्यूटी रेलकर्मियों, तकनीकी स्टाफ और नियंत्रण कक्ष के कर्मचारियों की भी प्रशंसा की और कहा कि सामूहिक प्रयास और टीमवर्क से ही इस तरह की आपात स्थितियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।

Related Post