Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

मानगो में सज्जाद खान व टाइगर मोबाइल जवान हत्याकांड का खुलासा, ढाई साल से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र में 8 दिसंबर 2023 को हुए सज्जाद खान उर्फ टांडा और टाइगर मोबाइल के जवान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज कांड में ढाई साल से फरार चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

बताया गया है कि 8 दिसंबर 2023 की रात मानगो थाना क्षेत्र के न्यू पुरुलिया रोड नंबर-16 स्थित आकाश साहा अपार्टमेंट के पास अपराधियों ने गोली चलाकर आजादनगर ग्रीन वैली निवासी सज्जाद खान उर्फ टांडा की हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल के जवान आरक्षी रामदेव महतो और आरक्षी निर्मल मुंडू मौके पर पहुंचे और अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें टाइगर मोबाइल के जवान आरक्षी रामदेव महतो गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में शहीद हो गए।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रियारदा गांव निवासी लुस्कू मार्डी उर्फ रोहित मार्डी और गणेश मुर्मू लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी हुई थी।

गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों फरार अभियुक्तों को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी के साथ ही बहुचर्चित सज्जाद खान और टाइगर मोबाइल जवान हत्याकांड के सभी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Post