चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरसीपीपी कंप्यूटर एजुकेशन की ओर से मंगलवार 03 फरवरी 2026 को बड़ा जामदा और नोवामुंडी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों की अहमियत से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान सृष्टि चाईबासा की टीम ने सड़क सुरक्षा पर आधारित एक प्रभावशाली जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह दर्शाया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किस तरह गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। प्रस्तुति के बाद उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा शपथ पत्र के माध्यम से यह संकल्प दिलाया गया कि वे किसी भी परिस्थिति में सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे।
नाटक के जरिए प्रधानाचार्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नाबालिग बच्चों को बाइक या किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। साथ ही नशे की हालत में या अत्यधिक थकान और नींद की अवस्था में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। सभी से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस जागरूकता अभियान में आरसीपीपी के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं प्रमोद ठाकुर, रंजन साहू, कृष्ण मोहन ठाकुर, शिबू नायक, राज गुप्ता, स्वेता सिंह, साक्षी सिंह, सोनम कुमारी, नंदनी कुमारी, स्नेहा सिंह, कुंदन राय, सागर गोंड सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
यह जागरूकता नाटक नोवामुंडी के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बड़ा जामदा के के पी शारदा इंग्लिश मीडियम स्कूल, वेलडन फ्यूचर एकेडमी, 10+2 हाई स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और मिडल स्कूल बड़ा जामदा में प्रस्तुत किया गया। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का दृढ़ संकल्प लिया।

