Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

मीडिया कप क्रिकेट का आगाज, हुडको एकादश ने डिमना एकादश को आठ विकेट से हराया

जमशेदपुर। कीनन स्टेडियम में सोमवार से मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में हुडको एकादश ने डिमना एकादश को आठ विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिमना एकादश ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। टीम की ओर से अमजद ने 21 गेंदों पर 32 रन और शेखर ने 29 गेंदों पर 22 रन की पारी खेली। हुडको की ओर से गेंदबाजी में जीतेंद्र और रंधीर को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुडको एकादश ने मात्र 13.2 ओवर में दो विकेट खोकर 113 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। राघवेंद्र ने 38 गेंदों पर शानदार 42 रन बनाए, जबकि जीतेंद्र ने 22 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। डिमना की ओर से राज प्रसाद और सुरेंद्र को एक-एक विकेट मिला।

राघवेंद्र को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

इससे पूर्व उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें टाटा स्टील के वीपी-सीएस डी.बी. सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विधायक सरयू राय, शेखर डे तथा टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में डी.बी. सुंदर रामम ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल भावना से ही खेल को आगे बढ़ाया जा सकता है। विधायक सरयू राय ने पत्रकारों द्वारा की गई इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी मेल-जोल और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।

शेखर डे ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। अतुल भटनागर ने भी मीडिया कप क्रिकेट आयोजन की प्रशंसा की।

समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव विनय पूर्ती और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने अतिथियों को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर टाटा स्टील खेल विभाग के प्रमुख मनीष सिन्हा, कृपाल सिंह, संजय कुमार मिश्रा, सतीश सिंह, दैनिक भास्कर के संपादक कुमार भवानंद, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय, आनंद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन न्यू इस्पात मेल के संपादक बृजभूषण सिंह ने किया। अतिथियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच के शुभारंभ की घोषणा की।

Related Post