Breaking
Thu. May 28th, 2026

साकची से लापता किशोर महाराष्ट्र से सकुशल बरामद

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के इंद्रानगर ह्यूम पाइप एरिया निवासी 14 वर्षीय किशोर के लापता होने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। साकची से 9 जनवरी को अचानक गायब हुए बच्चे को पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया। इस पूरे मामले की जानकारी सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी ने दी।

डीएसपी डीएसपी सुनील चौधरी ने बताया कि किशोर के लापता होने के तीन दिन बाद उसके परिजन सीतारामडेरा थाना पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के क्रम में साकची और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिससे अहम सुराग हाथ लगे। तकनीकी साक्ष्यों और मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को यह पता चला कि बच्चा महाराष्ट्र की ओर गया है।

इसके बाद झारखंड पुलिस की टीम ने महाराष्ट्र पुलिस से समन्वय स्थापित किया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलढाणा जिले से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद बच्चे को उसके परिजनों के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने राहत की बात बताते हुए कहा कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।

इस सफल अभियान में डीएसपी सुनील चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें अकरम रजा, रोहित कुमार साव, साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा, एएसआई हरि महतो, सुजीत कुमार और राजीव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और आपसी समन्वय की सराहना करते हुए इसे एक बड़ी सफलता बताया है।

Related Post