जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र की रहने वाली मोसर्रत जहान ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अपहरण की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मोसर्रत जहान ने अपने आवेदन में बताया है कि वह अपने पुत्र आसिफ इकबाल के साथ न्यू आलिशान टावर, मानगो में रहती हैं। अपने वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनके अधिवक्ता द्वारा 17 जनवरी 2026 को निकेतन कंस्ट्रक्शन के निदेशक निर्मल कुमार श्रीवास्तवा को कानूनी नोटिस भेजा गया था। नोटिस प्राप्त होने के बाद निर्मल कुमार श्रीवास्तवा कथित रूप से अत्यधिक क्रोधित हो गए।
पीड़िता के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को दिन के लगभग 10:15 बजे निर्मल कुमार श्रीवास्तवा के कहने पर अलाउद्दीन, निर्मल सिन्हा उर्फ पुतुल और अमरजीत नामक तीन व्यक्ति उनके आवास पर पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान उनके पुत्र आसिफ इकबाल के साथ शारीरिक मारपीट भी की गई। आरोप है कि आरोपियों ने मां-बेटे को डराने-धमकाने के उद्देश्य से यह भी कहा कि दोनों को उठवा लिया जाएगा और जान से मार दिया जाएगा।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने उनके पुत्र की ओर इशारा करते हुए स्पष्ट रूप से अपहरण और हत्या की धमकी दी। इतना ही नहीं, घटना को अंजाम देने की मंशा से 30 जनवरी 2026 को संध्या करीब 5 बजे 10 से 12 अज्ञात लोग पीड़िता के आवास के समीप एकत्र हुए थे। पीड़िता का दावा है कि ये सभी लोग आजादनगर स्थित गल्फ कॉम्प्लेक्स में निकेतन कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में निर्मल कुमार श्रीवास्तवा से मिलने के बाद वहां से गए थे, जिसकी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराई जा सकती है।
मोसर्रत जहान ने कहा कि इस पूरी घटना से वह और उनका पुत्र अत्यंत भयभीत हैं तथा उन्हें अपने और अपने बेटे की जान व सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। इसी कारण उन्होंने मानगो थाना में लिखित शिकायत देकर निर्मल कुमार श्रीवास्तवा, अलाउद्दीन, निर्मल सिन्हा उर्फ पुतुल, अमरजीत समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

