नई दिल्लीः* केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को मोदी सरकार के कार्यकाल का लगातार नौवां बजट पेश किया। इस बार का बजट एक खास संयोग लेकर आया, क्योंकि इतिहास में पहली बार रविवार को बजट लोकसभा में प्रस्तुत किया गया।
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री राष्ट्रपति भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की और बजट की प्रति सौंपी। राष्ट्रपति ने उन्हें पारंपरिक रूप से दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वित्त मंत्री और उनकी टीम के साथ ग्रुप फोटो सेशन भी हुआ।
राष्ट्रपति भवन की औपचारिकता पूरी करने के बाद निर्मला सीतारमण संसद भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने देश का बहुप्रतीक्षित बजट 2026 पेश किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने राजकोषीय घाटा 4.5% से नीचे रखने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही GDP के मुकाबले कर्ज़ का अनुपात 55.6% रहने का अनुमान जताया गया है, जो पिछले वित्त वर्ष के 56.1% से कम है।
बजट 2026 के प्रमुख बिंदु:
कुल बजट साइज: ₹53.5 लाख करोड़
कैपिटल एक्सपेंडिचर (Capex): ₹11.2 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़
MSME ग्रोथ फंड: भविष्य के MSMEs के निर्माण के लिए ₹10,000 करोड़ का फंड
लक्ष्य: इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्पादन क्षेत्र को गति देना
निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह बजट “विकास, आत्मनिर्भरता और भविष्य की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने वाला दस्तावेज़” है।

