नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में आम जनता को बड़ी राहत देने की घोषणा करते हुए कहा कि कैंसर और शुगर से जुड़ी 17 जरूरी दवाइयों को भारत में सस्ता किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य गंभीर बीमारियों के इलाज को किफायती बनाना है, ताकि मध्यम और गरीब वर्ग पर इलाज का बोझ कम हो सके। इसके साथ ही शिक्षा और मेडिकल खर्च के लिए टीसीएस की दर को 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे छात्रों और मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
वित्त मंत्री ने आयकरदाताओं को भी राहत देते हुए कहा कि अब 31 मार्च तक कम शुल्क के साथ संशोधित आयकर रिटर्न दाखिल किया जा सकेगा। वहीं, नियमित आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है।
बजट में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना की जाएगी और देश के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10 हजार टूर गाइड्स के कौशल विकास की योजना शुरू होगी। इसके अलावा नेशनल डेस्टिनेशन डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना की जाएगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और अराक्कू घाटी में वर्ल्ड ट्रैकिंग और हाइकिंग के लिए माउंटेन ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे, जबकि ओडिशा, कर्नाटक और केरल में टर्टल ट्रेल्स बनाए जाएंगे। साथ ही धोलावीरा जैसे 15 पुरातात्विक स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजना है।
खेल क्षेत्र में भी बड़े बदलावों की घोषणा की गई। खेलो इंडिया मिशन की स्थापना की जाएगी, जिसके तहत अगले 10 वर्षों तक योजनाबद्ध तरीके से काम होगा। इस मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण केंद्र बनाए जाएंगे, कोच और सपोर्ट स्टाफ को व्यवस्थित रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा, खेल प्रतियोगिताएं और लीग आयोजित होंगी तथा खेल ढांचे को प्रशिक्षण और प्रतियोगिता दोनों के लिए विकसित किया जाएगा।
कुल मिलाकर इस बजट में जहां गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को सस्ती दवाओं के जरिए राहत देने पर खास जोर दिया गया है, वहीं पर्यटन, खेल और करदाताओं के हित में भी कई अहम कदम उठाए गए हैं।

