चतरा : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के मिश्रौल पंचायत स्थित मारंगलोईया गांव में कुंए में लगाये गये चापानल की रिपेयरिंग करना कारिगरो के लिए आफत बन गया। रिपेयरिंग के दौरान कुंए में ढलाई कर बनाया गया छत अचानक से धराशाई हो गया। इस घटना में चापानल रिपेयरिंग कार्य में लगे एक बुजुर्ग कारिगर की मलबे के नीचे दबाने से मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना मंगलवार की देर रात की है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे जहां से घायल तीनों कारीगरों को कुएं से बाहर निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया वहीं मलबे के नीचे दबे बुजुर्ग कारीगर के शव को भी ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से बाहर निकाला। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतक बुजुर्ग कारीगर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना में बुजुर्ग कारीगर की पहचान हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के चंपानगर गांव निवासी 62 वर्षीय साजो गोप के रूप में की गई। घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार जिस कुएं में लगे चापानल को रिपेयर करने चारों कारीगर पहुंचे थे,वह कुंआ और चापानल दोनों 10-15 साल पुराना है। जिस वक्त कुएं का निर्माण करवाया गया था उसे वक्त ही कुएं के ऊपरी हिस्से पर ढलाई कर चापानला भी लगाया गया था, जो लगने के कुछ वर्षों के बाद से ही बंद पड़ा हुआ था। किसको रिपेयर करवाने के लिए कुछ लोगों के द्वारा कारीगरों को बुलाया गया था। घटना में घायल तीन लोग मारंगलोईया गांव के ही रहने वाले हैं।

