जमशेदपुर। आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने टैक्स चोरी के एक बड़े मामले में जमशेदपुर सहित झारखंड और बिहार के कई जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई बाबा राइस मिल ग्रुप से जुड़े कारोबारियों और उनके प्रतिष्ठानों पर की जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार व्यापारियों द्वारा वास्तविक आमदनी छिपाकर बड़े पैमाने पर कर चोरी किए जाने की शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया है।
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2026 में आयकर विभाग की यह पहली बड़ी छापेमारी है। जमशेदपुर में ग्रुप से जुड़े कई व्यावसायिक और आवासीय ठिकानों पर सुबह से ही आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है। इसके साथ ही रांची, हजारीबाग सहित झारखंड के अन्य जिलों और बिहार के कुछ इलाकों में भी एक साथ कार्रवाई की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
रांची में कांके रोड और रातु रोड स्थित बाबा राइस मिल तथा इसके संचालकों से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम पहुंची है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान खातों, लेनदेन से जुड़े कागजात, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। हालांकि अब तक विभाग की ओर से बरामदगी, कर चोरी की राशि या कार्रवाई के दायरे में आए लोगों के नामों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जिन इलाकों में छापेमारी चल रही है, वहां के व्यापारिक समुदाय में इस कार्रवाई को लेकर हलचल और चर्चा का माहौल है। आयकर विभाग के अधिकारी गोपनीयता बनाए हुए हैं और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और आगे और ठिकानों पर भी जांच बढ़ाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

