जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा कुर्मी टोला में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां श्यामा प्रसाद स्कूल के कक्षा नौवीं के छात्र अंकित लोहार (14) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में केवल उसकी सात वर्षीय छोटी बहन मौजूद थी, जबकि उसकी मां मोना लोहार सुबह काम पर गई हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, छोटी बहन ने जब भाई को कमरे में फंदे से लटका देखा तो वह घबरा गई और जोर-जोर से रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और मां को फोन पर सूचना दी गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण अंकित को तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद अस्पताल पहुंचीं मां बेटे की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं।
मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि सुबह उन्होंने अंकित का मोबाइल फोन चेक किया था, जिससे वह नाराज हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि आत्महत्या के पीछे की सही वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच कर रहे एसआई ज्ञान भूषण तिग्गा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से छानबीन की जा रही है। अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
बताया जाता है कि अंकित के पिता का निधन पहले ही हो चुका था और परिवार में मां, अंकित तथा उसकी छोटी बहन ही रह रहे थे। अंकित को मोहल्ले के लोग एक होनहार और शांत स्वभाव का छात्र बताते हैं। उसकी मौत से पूरे परिवार के साथ-साथ सोपोडेरा कुर्मी टोला में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

