70 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त, 31 हजार रुपये वसूला जुर्माना
लोहरदगाः सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद इसके धड़ल्ले से उपयोग को लेकर नगर परिषद लोहरदगा ने कड़ा रुख अपनाया है। विभागीय निदेशानुसार नगर परिषद लोहरदगा के प्रशासक मुक्ति किड़ो के नेतृत्व में नगर निकाय क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान मैना बगीचा, पावरगंज चौक एवं बड़ा तालाब क्षेत्र में संचालित किया गया। छापेमारी के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं भंडारण पाए जाने पर नगर परिषद की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 70 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से कुल 31,000 रुपये (इकतीस हजार रुपये) का अर्थदंड वसूला गया।
प्रशासक, नगर परिषद लोहरदगा श्री किड़ो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णतः प्रतिबंध लागू है, इसके बावजूद यदि कोई भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान इसका उपयोग, खरीद या बिक्री करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर क्षेत्र के सभी दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण के हित में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह से बंद करें और इसके स्थान पर वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में नगर परिषद द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ पुनः विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्लास्टिक की जप्ती के साथ-साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। नगर परिषद की इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों ने इस कदम को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि स्वच्छ, सुरक्षित और प्लास्टिक मुक्त लोहरदगा के निर्माण के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छापामारी दल में नगर प्रशासक के अलावे नगर प्रबंधक अनिल उरांव एवं करण कच्छप, नगर परिषद के कर्मी प्रतिमा टोप्पो, संजय प्रसाद, रमीज रजा, सुभाष पटनायक, बीरेंद्र भगत एवं अन्य कर्मी शामिल थे।

