बोकारो: बोकारो में चास (मु.) थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चास के पुपुनकी पंचायत के पूर्व मुखिया शिव केवट सहित तीन अन्य लोग शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों ने चास (मु.) थाना प्रभारी प्रकाश मंडल तथा अन्य पुलिस जवानों पर पथराव कर उन्हें घायल कर दिया। बताया जाता है कि हमला इतना उग्र था कि आत्मरक्षा में थानेदार को अपनी पिस्टल तक निकालनी पड़ी। चास के डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुपुनकी आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसी दौरान थाना प्रभारी को सूचना मिली कि फोरलेन से आश्रम जाने वाली सड़क पर कुछ लोग आने-जाने वालों को परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन पर अचानक हमला कर दिया गया। पत्थर और डंडों से किए गए हमले में थाना प्रभारी समेत कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी हिरासत में लिया जाएगा।

