Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

झूठी खबर और हंगामा करने के आरोपी दो पत्रकारों पर केस दर्ज

रांची। खूंटी जिले के कर्रा अंचल में सरकारी कार्य में बाधा डालने और सोशल मीडिया के माध्यम से गलत जानकारी फैलाने के आरोप में दो पत्रकारों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। राजस्व उप निरीक्षक एवं प्रभारी अंचल निरीक्षक दीपक कुमार कुजूर द्वारा की गई लिखित शिकायत पर कर्रा थाना पुलिस ने पत्रकार सोनू अंसारी और विश्वकर्मा उरांव उर्फ विशु को नामजद अभियुक्त बनाया है।

एफआईआर में कहा गया है कि 18 नवंबर 2025 को दोनों आरोपी एक चैनल के पत्रकार बताकर कर्रा अंचल कार्यालय पहुंचे और वहां कार्य कर रहे कर्मचारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने अपने प्रभाव का अनुचित उपयोग करते हुए सरकारी कामकाज में व्यवधान उत्पन्न किया, जिससे कार्यालय की गरिमा और कर्मचारियों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि 24 नवंबर को सोनू अंसारी ने अपने फेसबुक अकाउंट से अंचल कार्यालय से संबंधित एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें भ्रामक और आपत्तिजनक बातें प्रसारित की गईं। इससे पहले विश्वकर्मा उरांव भी इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर चुके थे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सरकारी कर्मियों को बदनाम करने और आम नागरिकों में उनके प्रति अविश्वास फैलाने की मंशा से यह कदम उठाया।

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 221, 308, 351, 352, 356 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। दर्ज प्राथमिकी में यह भी बताया गया है कि सोनू अंसारी के खिलाफ इससे पूर्व भी इसी प्रकार की शिकायतें लंबित हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।

घटना को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।

Related Post