राँची। कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास रविवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान चौपाटी रेस्टोरेंट हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।शनिवार की देर रात चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की अभिषेक सिंह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी और घटना के बाद फरार हो गया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे शहर में तनाव फैल गया था।मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए राँची एसएसपी राकेश रंजन ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक सुकुरहुटू इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस टीम के मौके पर पहुँचते ही अभिषेक ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया।फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, एसएसपी ने बताया कि घटना से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है, और जल्द ही पूरे अपराधी गिरोह को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

