Breaking
Sat. May 9th, 2026

हटिया स्टेशन पर आरपीएफ ने बचाया नाबालिग, मानव तस्कर गिरफ्तार

रांची। मानव तस्करी और बाल श्रम पर कड़ी कार्रवाई करते हुए आरपीएफ हटिया और डीएनएफटी टीम रांची को बड़ी सफलता मिली। ऑपरेशन “आहट” के तहत चलाए गए अभियान में एक नाबालिग बालक को तस्करी से बचाया गया, जबकि आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।

कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ की एएचटीयू टीम हटिया पोस्ट और डीएनएफटी टीम रांची ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। इसी दौरान स्टेशन पर एक नाबालिग बालक और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में पाए गए। पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि बालक को लालच देकर बेंगलुरु ले जाकर मजदूरी कराने की योजना थी।

आरपीएफ के अनुसार आरोपी तस्कर की पहचान दशरथ यादव के रूप में हुई। उसने कई बार बालक को पैसे का प्रलोभन देकर मजदूरी के लिए ले जाने की कोशिश की थी। मोबाइल की जांच में भी यह पाया गया कि कई नाबालिगों के आधार कार्ड की उम्र में छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज बनाए गए थे।

आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए बालक को सुरक्षित बचाया और आरोपी दशरथ यादव को हिरासत में लेकर हटिया पोस्ट ले जाया गया। मौके से एक मोबाइल फोन, दो रेलवे टिकट और आधार कार्ड जब्त किए गए। बाद में पूरा मामला एएचटीयू कोटवाली रांची को सौंप दिया गया।

बाल तस्करी से जुड़े प्रावधानों के तहत केस दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Post