जमशेदपुर। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गादड़ा गांव में बड़ी कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना पर पहुंची टीम ने एक जर्जर पक्के भवन में संचालित मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब एवं निर्माण सामग्री जब्त की।
कार्रवाई के दौरान ब्लैक हॉर्स, रॉयल गोल्डकप, आरसी सहित विभिन्न ब्रांड की शराब, बोतलों के ढक्कन, रैपर, खाली बोतलें और निर्माण सामग्री बरामद की गई। टीम ने मौके से करीब 400 लीटर रंगीन बना हुआ शराब, 2685 लीटर विदेशी शराब, विभिन्न ब्रांड के 1000 ढक्कन, पांच बंडल रैपर, पांच बंडल कार्टन और 10 लीटर कैरेमल जब्त किया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अनुसंधान जारी है और संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है। इस अभियान में निरीक्षक उत्पाद श्री रामदास भगत, अवर निरीक्षक मो. गुफरान, प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक और प्रतिनियुक्त गृह रक्षक शामिल थे।

