पलामू : जिले के मनातू जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में टीएसपीसी संगठन का सक्रिय कमांडर और पांच लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया। मुठभेड़ स्थल से एक इंसास राइफल भी बरामद की गई है। इस कार्रवाई को पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताया है।
मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कहा कि सुरक्षा बल लगातार इलाके में सघन सर्च अभियान चला रहे हैं। इस अभियान में जगुआर, कोबरा और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम को लगाया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य 10 लाख के इनामी और टीएसपीसी सुप्रीमो शशिकांत गंझू और उसके दस्ते को खत्म करना है।
जानकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने मनातू जंगल में अभियान चलाया। इसी दौरान नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें मुखदेव यादव ढेर हो गया। मुखदेव यादव पहले भी कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। हाल ही में 3 सितंबर की रात पलामू में हुई मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे, उस हमले में भी उसका हाथ बताया जाता है।
पुलिस का कहना है कि इलाके में फिलहाल 200 से अधिक जवानों की तैनाती कर अभियान को और तेज कर दिया गया है। एसपी रीष्मा रमेशन ने स्पष्ट किया कि नक्सली संगठन के अन्य बड़े सदस्यों को भी जल्द ही या तो गिरफ्तार कर लिया जाएगा या फिर निष्प्रभावी कर दिया जाएगा।

