Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

सहारा सिटी में आवारा कुत्तों का कहर, सब्जी विक्रेता की हालत गंभीर

जमशेदपुर : मानगो सहारा सिटी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने सब्जी बेचने आए एक विक्रेता पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। घायल विक्रेता की पहचान राजू के रूप में हुई है। हमले के बाद उसकी हालत इतनी गंभीर हो गई कि स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

मामले की जानकारी सोसाइटी के निवासी धीरज झा ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। धीरज झा ने बताया कि कॉलोनी में कुत्तों के बढ़ते आतंक के कारण लोग दहशत में हैं। उन्होंने कहा कि अब लोग अपने छोटे बच्चों को बाहर खेलने के लिए नहीं भेज पा रहे हैं। हर कोई भय के साये में जी रहा है कि कब कुत्तों का झुंड किसी पर भी हमला कर दे।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम को इस समस्या की जानकारी कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी के लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है ताकि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। घायल राजू फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। घटना के बाद से सहारा सिटी में दहशत का माहौल है।

Related Post