Breaking
Wed. Mar 11th, 2026

आदित्यपुर में ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सड़क जाम कर प्रदर्शन

सरायकेला : मंगलवार सुबह करीब 9 बजे आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उत्कल ऑटोमोबाइल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार गुरुचरण सिंह (36) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर का निवासी था और हाइको कंपनी में कार्यरत था। घटना के वक्त वह अपनी पल्सर बाइक (JH05AM 0701) से काम पर जा रहा था।

 

हादसे के बाद हंगामा

 

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग, राहगीर और मृतक के परिजन बीच सड़क पर शव के साथ प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई और दोषी ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषी चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे शांत नहीं बैठेंगे।

 

पुलिस की कार्रवाई

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रेलर व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

इस हादसे ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

Related Post