Breaking
Sun. May 24th, 2026

जमशेदपुर में रथ यात्रा के दौरान हादसा: पेड़ की डाल गिरने से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से बिष्टुपुर में रथ यात्रा देखने आए दंपति पर पेड़ की डाल गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 59 वर्षीय कृष्णा विशाल अपने पति जदुपति विशाल के साथ रविवार को जमशेदपुर में रथ यात्रा देखने के लिए आए थे। दोनों कदमा में रहने वाली अपनी बेटी के घर रुके थे। रविवार शाम को दोनों भाटिया बस्ती होते हुए जा रहे थे, तभी अचानक बरगद के पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर उन पर गिर गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को कृष्णा विशाल की मौत हो गई, जबकि उनके पति जदुपति विशाल अभी भी गंभीर हालत में भर्ती हैं।

इस संबंध में मृतका के बेटे कृषेंदू विशाल के बयान पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना ने स्थानीय लोगों में दुख और चिंता की लहर पैदा कर दी है, और पेड़ों की देखभाल और रखरखाव को लेकर प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Related Post