चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में आधारभूत संरचना के विकास, सुरक्षा और रेलवे ट्रैक के रखरखाव से जुड़े कार्यों के कारण 4 से 12 नवंबर तक विभिन्न ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द रहेगा। इस दौरान टाटा-गुवा, टाटा-चाईबासा, राउरकेला, झारसुगुड़ा, हटिया और अन्य रेलखंडों पर चलने वाली मेमू एवं पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित होंगी।
बुधवार को रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रैक रिलेइंग ट्रेन (टीआरटी) ब्लॉक, ट्रैक टैम्पिंग, नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के बाद का रखरखाव, गर्डर लॉन्चिंग, बैलास्ट क्लीनिंग मशीन (बीसीएम) ब्लॉक और एलएचएस से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों को सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन के लिए आवश्यक बताया गया है।
रद्द की गई ट्रेनों में 68019/68020 टाटा-गुवा-आदित्यपुर मेमू 5 से 11 नवंबर तक, 68137 टाटा-चाईबासा मेमू 4 से 10 नवंबर तक और 68138 चाईबासा-टाटा मेमू 5 से 11 नवंबर तक शामिल हैं। इसके अलावा 68003/68004 टाटा-गुवा-टाटा मेमू, 18019/18020 झारग्राम-पुरुलिया-झारग्राम मेमू, 68044/68043 राउरकेला-टाटा-राउरकेला मेमू, 68029/68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू और 18175/18176 हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया मेमू 5 से 11 नवंबर तक रद्द रहेंगी।
वहीं, 58659 हटिया-राउरकेला पैसेंजर ट्रेन 5 से 11 नवंबर तक और 58660 राउरकेला-हटिया पैसेंजर ट्रेन 6 से 12 नवंबर तक नहीं चलेगी। 58151/58152 बड़ामपुर-बक्सा-बड़ामपुर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन भी 5 से 11 नवंबर तक रद्द रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है। साथ ही कहा है कि विकास और आधुनिकीकरण से जुड़े ये कार्य रेल परिचालन की सुरक्षा, समयबद्धता और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।

