चाईबासा: बंदगांव प्रखंड के भालुपानी पंचायत अंतर्गत ग्राम छोटादामुडी में मेलगंडी स्टार क्लब, शाहिबाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में कुल 48 पुरुष और 8 महिला टीमों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला शिवानी एफसी और सरजोम सकम भाई तेको के बीच खेला गया। इसमें शिवानी एफसी ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में पदमपुर एफसी और अमन एफसी के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें पदमपुर एफसी की टीम विजेता बनी।
समारोह को संबोधित करते हुए सन्नी उरांव ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पुरुषों के साथ महिला फुटबॉल टीमों को भी मंच देना सराहनीय पहल है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास करते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि पीरु हेंब्रम, नकटी पंचायत के मुखिया सह बंदगांव प्रखंड विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, भीमसेन केराई, विनोद तांती, सुदर्शन गागराई, अजय मुंडू, साधुचरण बोदरा, कृष्णा गागराई और निर्मल बोदरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

