Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

*चाईबासा में मिस्टर, मिस और मिसेज सिंहभूम 2026 का ऑडिशन आयोजित* *43 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, SBS GROUP ने दिया स्थानीय चेहरों को मंच*

चाईबासा: सिंहभूम की स्थानीय प्रतिभाओं को फैशन और मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चाईबासा में MR., MISS & MRS. SINGHBHUM 2026 – SEASON 6 का ऑडिशन आयोजित किया गया। SBS GROUP (Strategic Best Solution) की ओर से डीपीएस ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 43 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कई वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया।

ऑडिशन में मिस सिंहभूम श्रेणी में सबसे अधिक 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं मिस्टर सिंहभूम के लिए 12 युवाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। जूनियर वर्ग में पांच बच्चों और मिसेज सिंहभूम श्रेणी में पांच महिलाओं ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास के दम पर निर्णायक मंडल को प्रभावित करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विजेताओं का चयन करना नहीं, बल्कि सिंहभूम के ऐसे प्रतिभाशाली लोगों को मंच उपलब्ध कराना भी है, जिन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीपीएस पब्लिक स्कूल के निदेशक दीपेंद्र प्रसाद साव और संतोष सिन्हा शामिल हुए।

प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इसमें प्रियंका महाजन, चांदनी दास, आकाश दास, पारस खलखो और अक्षय सिंह शामिल थे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति और व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं के आधार पर उनका आकलन किया।

आयोजन को सफल बनाने में गणेश गुप्ता, सूरज सिंह और सौरव मुखर्जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। SBS GROUP का मानना है कि छोटे शहरों में भी फैशन और मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावनाएं हैं। इसके लिए सही मार्गदर्शन और मंच जरूरी है।

ऑडिशन के बाद चयनित प्रतिभागियों और प्रतियोगिता के अगले चरण की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

Related Post