चाईबासा: स्वदेशी जागरण मंच चाईबासा की ओर से सोमवार को पोस्ट ऑफिस चौक पर स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चीनी सामानों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पादों का बहिष्कार करने की अपील की। साथ ही अमेजॉन और फ्लिपकार्ट जैसी ऑनलाइन कंपनियों से खरीदारी नहीं करने का नारा लगाया।
कार्यक्रम के दौरान श्यामल दास ने कहा कि हमारे आसपास के स्थानीय दुकानदार ही सबसे पहले हमारे साथी हैं। अमेजॉन और फ्लिपकार्ट के बजाय लोगों को स्थानीय बाजारों से खरीदारी करनी चाहिए। इससे स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को ऑनलाइन खरीदारी से बचते हुए स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
श्यामल दास ने दीपावली के अवसर पर लोगों से चीनी सजावटी सामानों का उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान मिट्टी से बने दीपक का अधिक से अधिक इस्तेमाल करना चाहिए। इससे स्थानीय कुम्हारों को रोजगार मिलेगा और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चीनी सामानों और विदेशी कंपनियों के उत्पादों के बहिष्कार के समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने लोगों से दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में रामवतार राम, रवि, जय किशन बिरूली, रितेश कुमार, पिंटू गौचंद मुखी, दुर्योधन पान, बलराम प्रजापति, जीवन प्रजापति, गुलशन बिरूवा, सोमनाथ गागराई, प्रदुमन महतो, मदन मोहन दास, शंकर ठाकुर, विजय गुप्ता, मंजीत बर्मा, विनित गुप्ता, संजीव कुमार, गुरु चरण ठाकुर, रंजीत यादव और रमाकांत यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

