Breaking
Mon. Nov 2nd, 2026

मानगो में ब्राउन शुगर की 64 पुड़िया के साथ दो युवक गिरफ्तार, 4.93 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 4.93 ग्राम है। सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एक नवंबर की शाम एसएसपी को सूचना मिली थी कि जवाहरनगर रोड नंबर-14 के फॉरेस्ट एरिया में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उनके निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने मानगो थाना पुलिस और सशस्त्र बल के साथ रात करीब आठ बजे चिह्नित स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।

इस दौरान एक शेड के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। दंडाधिकारी की उपस्थिति में तलाशी लेने पर पहले युवक मनमीत सिंह (20), पिता गुरदीप सिंह, निवासी खानकाह, कुँवर सिंह रोड के पास, ओलीडीह के पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 2.82 ग्राम था, तथा 310 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, दूसरे युवक आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोंटी (24), पिता मृत्युंजय प्रसाद सिंह, निवासी आदर्श नगर रोड नंबर-4, डिमना रोड, ओलीडीह के पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 2.11 ग्राम था, और 220 रुपये नकद मिले।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में मानगो थाना में कांड संख्या 224/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(4) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(ए), 17(बी), 21(ए), 22(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1), मानगो थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद जफर अली, रविशंकर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुजूर तथा आरक्षी बलराम गोप और शहवाज आलम शामिल थे।

Related Post