बोकारो। जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड जंगल में एक महिला और पुरुष के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार को जंगल में स्थानीय लोगों ने दोनों के शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जानकारी में मामला त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस आत्महत्या के साथ हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान हो गई है। दोनों बोकारो जिले के धवाइयां बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि महिला शादीशुदा थी और उसका पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता था। वहीं, महिला से संबंध बताए जा रहे पुरुष भी बाहर काम करते थे और करीब दस दिन पहले ही गांव लौटे थे। इसी बीच दोनों के बीच संबंधों और कथित त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन बातों की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के शव पीले रंग की एक ही साड़ी के दोनों सिरों से बने फंदे के सहारे पेड़ से लटके हुए थे। महिला लाल रंग का साया और गुलाबी ब्लाउज पहने थी, जबकि पुरुष ने काले रंग की चेकदार शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी।
सूचना मिलने पर पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया है। बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना करीब दो दिन पुरानी प्रतीत हो रही है और मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, मृतकों के परिजन किसी तरह की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत देते हैं तो उसके आधार पर भी जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। दोनों की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे हत्या की कोई साजिश है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

