Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

सिमडेगा। जिले के केरसई थाना क्षेत्र में करीब 10 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जोलेन कुजूर के रूप में हुई है। पीड़िता के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार, 12 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में 11 अक्टूबर को पीड़िता की नानी ने केरसई थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि केरसई थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक जोलेन कुजूर उनकी करीब 10 वर्षीय नतिनी के साथ लंबे समय से जबरन दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी पर यह भी धमकी देने का आरोप है कि घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर वह पीड़िता को जान से मार देगा।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इस संबंध में केरसई थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 65(2) और 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक, सिमडेगा के निर्देश पर केरसई थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक जोलेन कुजूर, पिता मेल कुशाल कुजूर, निवासी केरसई थाना क्षेत्र, जिला सिमडेगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Post