Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

*बी-डिविजन लीग में एनसीसी बड़ा जामदा की 94 रनों से जीत, प्रवीण और आयुष चमके*

चाईबासा: एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2026-27 के तहत बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले में नेशनल क्रिकेट क्लब (एनसीसी), बड़ा जामदा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब, चक्रधरपुर को 94 रनों से हराकर पूरे चार अंक हासिल किए। टीम की जीत में प्रवीण कुमार साहनी की शानदार बल्लेबाजी और आयुष आर्या की बेहतरीन गेंदबाजी की अहम भूमिका रही।

टॉस जीतकर लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब के कप्तान विवेक चौरसिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एनसीसी बड़ा जामदा ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज प्रवीण कुमार साहनी ने नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से 72 रन बनाए, जबकि शुभम नायक ने चार चौके और दो छक्के की सहायता से 46 रन जोड़े। दोनों ने पहले विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी की।

इसके बाद रिषि राज सिंह ने 25, अंकुश यादव ने 22, रोमित ने नाबाद 19 और ओम त्यागी ने 16 रन बनाए। लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की ओर से विवेक चौरसिया और पियुष कुमार ने दो-दो विकेट लिए।

263 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की टीम 24.2 ओवर में 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अनीस कुमार दास ने चार चौके और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 60 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ललित सिंह भोज ने 45 रन बनाए। कप्तान विवेक चौरसिया ने नाबाद 11 और रोनित थापा ने 10 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सके।

एनसीसी बड़ा जामदा की ओर से आयुष आर्या ने 18 रन देकर चार विकेट लिए। यशस्वी गौतम और शौर्य सिंह को दो-दो विकेट मिले।

प्रतियोगिता में अगले दिन शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी, चक्रधरपुर का मुकाबला गोप एवं सिंह क्लब, बड़ा जामदा से होगा।

Related Post