Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

*एसआईआर के तहत चुनाव पाठशाला की चौथी बैठक, मेगा हेल्प डेस्क कैम्प में दी गई जानकारी*

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एसआईआर-2026 के तहत श्री मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय, चाईबासा स्थित मतदान केंद्र संख्या 105 पर मेगा हेल्प डेस्क कैम्प लगाया गया। इस दौरान चुनाव पाठशाला की चौथी बैठक भी आयोजित की गई। कैम्प में मतदाता सूची के सत्यापन, त्रुटियों में सुधार और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

बीएलओ मनीषा दास ने मतदाताओं को बताया कि जिन लोगों को नो-मैपिंग या अन्य विसंगतियों के कारण नोटिस मिला है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर जरूरी दस्तावेज जमा कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें। जिन मतदाताओं को अपने माता-पिता के भारत में जन्मस्थान से संबंधित दस्तावेज जुटाने में परेशानी हो रही है, उनकी सूची तैयार कर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।

कैम्प में ऐसे मतदाताओं से भी प्रपत्र-8 जमा करने की अपील की गई, जिन्होंने नोटिस मिलने के बावजूद आवेदन नहीं किया है। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरणों में सुधार के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

वहीं, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें प्रपत्र-6 भरकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर बीएलए-2 त्रिशानु राय ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन होना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से अपने नाम, पता, आयु, फोटो और अन्य विवरणों की जांच करने तथा किसी भी तरह की गलती मिलने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर सुधार के लिए आवेदन करने की अपील की।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल चंद्र त्रिपाठी सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।

Related Post