Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

गिरिडीह डीसी के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर ठगी, जिला प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी संचालित करने का मामला सामने आया है। इन फर्जी आईडी के माध्यम से लोगों को गुमराह करने और साइबर ठगी किए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अधिकारी के नाम, पदनाम, तस्वीर या पहचान का गलत इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर उपायुक्त या किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी के नाम और तस्वीर से संचालित संदिग्ध अकाउंट पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। यदि किसी अधिकारी के नाम पर आर्थिक सहायता, भुगतान या अन्य किसी प्रकार के वित्तीय लेन-देन की मांग की जाती है, तो संबंधित कार्यालय के आधिकारिक माध्यम से उसकी पुष्टि अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध संदेश के आधार पर जल्दबाजी में पैसे भेजने से बचें।

प्रशासन ने साइबर अपराध से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने को कहा गया है। यदि किसी अधिकारी के नाम से फर्जी आईडी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो संबंधित स्क्रीनशॉट और लिंक सुरक्षित रखकर तत्काल साइबर थाना अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की सत्यता आधिकारिक स्रोतों से जांचने और फर्जी अकाउंट से मिलने वाले संदेशों या भ्रामक जानकारियों को साझा करने से बचने की अपील की है।

Related Post