चतरा। जिले में लावालौंग थाना पुलिस ने अफीम तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2.5 किलो अवैध अफीम, चार लाख रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अफीम की खेप पंजाब ले जाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस को 10 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव निवासी मुनेश्वर कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव अफीम की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना के मुताबिक, अफीम को पंजाब भेजने की योजना बनाई जा रही थी। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में एसआई वाजिद अली, थाना के सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।
पुलिस टीम ने हेडुम गांव में हरदेव यादव के घर पर छापेमारी की। इस दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मुनेश्वर कुमार यादव के पास से 2.5 किलो अफीम और चार लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा अफीम की तौल में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में हेडुम गांव के मुनेश्वर कुमार यादव (30), कमलेश कुमार यादव (19) और पंकज कुमार (19) के अलावा लावालौंग थाना क्षेत्र के गरहे टोला गेरुआडीह निवासी राकेश कुमार यादव (19) शामिल हैं। इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने 11 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 18(बी) और 27(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनेश्वर कुमार यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह हरियाणा के करनाल स्थित सिविल लाइन थाना कांड संख्या 47/25 में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। यह मामला 26 नवंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 27ए और 29 के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

