जमशेदपुर। जी टाउन क्लब के कर्मचारियों के लिए इस वर्ष 16 फीसदी बोनस का समझौता हुआ है। क्लब प्रबंधन और कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच हुई वार्ता के बाद बोनस समझौते पर सहमति बनी। समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 31,108 रुपये, औसत 36,481 रुपये और अधिकतम 40,503 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे।
बोनस समझौते पर जी टाउन क्लब प्रबंधन की ओर से प्रेसिडेंट विनीत कुमार शाह, वाइस प्रेसिडेंट राजेश कुमार झा, जनरल सेक्रेटरी विकास कुमार, राकेश जयसवाल और रोशन दे ने हस्ताक्षर किए। वहीं यूनियन की ओर से प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडे, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, जनरल सेक्रेटरी ददन सिंह तथा यूनियन कमेटी मेंबर कीर्तन महतो और मो. हामिद ने समझौते पर हस्ताक्षर किया।
समझौते के बाद क्लब के प्रेसिडेंट विनीत कुमार शाह और यूनियन के प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडे ने खुशी जताते हुए कहा कि जी टाउन क्लब लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके साथ कर्मचारियों की प्रगति भी हो रही है। दोनों पक्षों ने क्लब के विकास के लिए प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि क्लब को आगे बढ़ाने के साथ यहां आने वाले सदस्यों और ग्राहकों की सुविधाओं एवं अपेक्षाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि जी टाउन क्लब के भोजन की गुणवत्ता की सराहना विभिन्न स्तरों पर होती रही है। कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल से क्लब की कार्यप्रणाली और सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बोनस समझौता संपन्न हुआ।

