चाईबासा: सदर अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज में छठे बैच, सत्र 2024-26 की 120 प्रशिक्षु छात्राओं का लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग समारोह आयोजित किया गया। कॉलेज का संचालन झारखंड सरकार के कल्याण विभाग के अंतर्गत प्रेजा फाउंडेशन द्वारा किया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। उपायुक्त मनीष कुमार ने उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
समारोह के दौरान प्रशिक्षु छात्राओं ने नर्सिंग सेवा के प्रति समर्पण, सेवा भावना, अनुशासन और अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि नर्सिंग सेवा मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। नर्सिंग कर्मी मरीजों के इलाज में सहयोग करने के साथ उनके मानसिक संबल और आत्मविश्वास को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, धैर्य, अनुशासन और विनम्र व्यवहार भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण में मिले ज्ञान और कौशल का पूरी निष्ठा से उपयोग करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में सेवा और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से अपने कौशल का लगातार अभ्यास करने और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सिविल सर्जन मीना कालंडिया, उपाधीक्षक शिवचरण हांसदा, प्रेजा फाउंडेशन के ऑपरेशन लीड रवि कुमार, उप निदेशक नैंसी राजेल, प्राचार्या समेत नर्सिंग कौशल कॉलेज के कर्मी मौजूद रहे। समारोह में सातवें और आठवें बैच की प्रशिक्षु छात्राएं भी शामिल हुईं।

