Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौत, तीन घायल

सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार अर्टिगा कार खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुखबड़ेरी के पास माइलस्टोन 97.5 पर हुए इस भीषण हादसे में तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

बताया गया कि कार में सवार सभी लोग लखनऊ में आयोजित टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद देवरिया स्थित अपने घर लौट रहे थे। हादसे में नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की जान चली गई। तीनों पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों और खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

घायल जयंतो शर्मा के अनुसार, सफर के दौरान कार में सवार सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया।

इसके बाद घायलों और अन्य लोगों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। तीन घायल लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलने पर बल्दीराय के एसडीएम प्रभात सिंह के साथ पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रक किस परिस्थिति में खड़ा था और दुर्घटना के समय अर्टिगा की रफ्तार कितनी थी। राहत-बचाव कार्य के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

Related Post