Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

B.Ed सत्र में देरी से छात्राओं का भविष्य अधर में, परविंदर सिंह ने कुलपति से विशेष नामांकन की मांग की

जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में B.Ed सत्र 2024-26 में हो रही देरी को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने चिंता जताई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने विश्वविद्यालय की कुलपति को पत्र भेजकर प्रभावित छात्राओं का एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की है।

परविंदर सिंह ने कहा कि B.Ed सत्र 2024-26 को जुलाई 2026 तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक तीसरे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम जारी नहीं हुआ है। वहीं चौथे सेमेस्टर की परीक्षा और उसका परिणाम भी बाकी है। ऐसे में B.Ed की पढ़ाई पूरी करने वाली छात्राओं को आगे की पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि कई छात्राएं B.Ed के बाद स्नातकोत्तर की पढ़ाई करना चाहती हैं। वर्तमान स्थिति में यदि B.Ed का परिणाम देर से जारी होता है तो वे स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 में समय पर नामांकन नहीं ले पाएंगी और उन्हें अगले वर्ष जुलाई 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है। इससे बिना किसी गलती के छात्राओं का एक पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कुलपति से आग्रह किया कि तीसरे सेमेस्टर का परिणाम जल्द जारी कराने के साथ चौथे सेमेस्टर की परीक्षा और परिणाम के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही B.Ed का परिणाम जारी होते ही प्रभावित छात्राओं के लिए महिला विश्वविद्यालय में दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में विशेष नामांकन की अनुमति दी जाए और आवेदन के लिए चांसलर पोर्टल खोला जाए।

उन्होंने मांग की कि इन छात्राओं को स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 में ही नामांकन देकर नियमित कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा पूर्व में तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके विद्यार्थियों के लिए अगले सत्र में भी दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में नामांकन का विकल्प जारी रखने की मांग की गई है।

परविंदर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की विशेष पहल से छात्राओं का एक वर्ष बर्बाद होने से बचाया जा सकता है। पत्र की प्रतिलिपि झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है। इस पहल में पूर्व कोल्हान प्रभारी हरि राम टुडू, कोशल प्रधान, नलिनी सिन्हा, सचिन सिंह, गुरमीत सिंह, अरिल सिंकु और रणजीत झा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं की भी सहभागिता रही।

Related Post