चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पहल हुई है। विधायक जगत माझी के प्रयास से पांच एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर गोइलकेरा पहुंच गया है। विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ट्रांसफार्मर को स्थापित करने के काम में जुटे हैं।
बताया गया कि करीब दस दिन पहले गोइलकेरा पावर हाउस स्थित समीज़ फीडर का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके कारण इस फीडर से जुड़े करीब 40 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विधायक जगत माझी के निर्देश पर टाउन फीडर से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही थी।
टाउन फीडर पर लगातार बढ़ते विद्युत भार के कारण आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। इसे देखते हुए विधायक जगत माझी ने विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों से बातचीत कर नया पांच एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की।
ट्रांसफार्मर के गोइलकेरा पहुंचने के बाद विभाग की ओर से इसे स्थापित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार से समीज़ फीडर के माध्यम से नए ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
नए ट्रांसफार्मर के चालू होने के बाद समीज़ फीडर से जुड़े करीब 40 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। इसके साथ ही टाउन फीडर पर पड़ रहे अतिरिक्त विद्युत भार में भी कमी आएगी। इससे क्षेत्र के ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।

