बोकारो:- चिरा चास के डेमूडीह गांव में बंद एक घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोर दरवाजे काy ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोना-चांदी के जेवरात तथा करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है। बताया गया कि घर की मालकिन देवंती देवी किसी काम से गया गई थीं। वहीं, बहू की तबीयत खराब होने के कारण परिवार के अन्य सदस्य घर बंद कर अस्पताल चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह घर लौटने पर दरवाजा टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। पीड़िता देवंती देवी ने बताया कि चोर उनकी पूरी जमा-पूंजी लेकर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, 50 हजार नकद समेत जेवरात ले गए चोर

