Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

बाइक की टक्कर से घायल पूजा पात्र की टीएमएच में मौत, परिवार में पसरा मातम

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित कोवाली थाना क्षेत्र के हाता-तिरिंग (ओडिशा) एनएच-220 पर हल्दीपोखर के समीप 28 सितंबर को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 40 वर्षीय पूजा पात्र की सोमवार को इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में मौत हो गई। हादसे के बाद से ही पूजा की हालत गंभीर बनी हुई थी और उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए सिर का ऑपरेशन भी किया, लेकिन इसके बाद भी उन्हें होश नहीं आया और सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि 28 सितंबर को पूजा पात्र हल्दीपोखर के समीप थीं। इसी दौरान हरिणा की ओर से हल्दीपोखर होते हुए हाता की तरफ जा रही बाइक संख्या जेएच-05सीआर/9250 के चालक ने कथित तौर पर नियंत्रण खो दिया और पूजा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गई थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया था।

काफी प्रयास के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार को इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूजा की मौत की खबर गांव में पहुंचने के बाद शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

परिजनों के अनुसार, पूजा पात्र के ससुर राजबल्लभ तांती सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि उनके पति अमित पात्र पोटका प्रखंड में संविदा पर कंप्यूटर सहायक के पद पर कार्यरत हैं। पूजा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Post