जमशेदपुर: जोड़ी राइडर और JH 05 ग्रुप के सदस्यों ने शनिवार को सरायकेला स्थित एक वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके बीच राशन समेत रोजमर्रा में काम आने वाली जरूरी सामग्री का वितरण किया। टीम के सदस्य बाइक राइड करते हुए वृद्धाश्रम पहुंचे थे।
वृद्धाश्रम में करीब 35 बुजुर्ग रह रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद टीम के सदस्यों ने बुजुर्गों से मुलाकात की, उनका परिचय लिया और बातचीत कर उनका हाल जाना। इस दौरान बुजुर्गों ने भी टीम के सदस्यों के साथ समय बिताया।
सेवा कार्य की पहल ग्रुप के एडमिन पिंकी पाजी और निक्की भाभी की ओर से की गई थी। दोनों पिछले सप्ताह वृद्धाश्रम पहुंचे थे। वहां बुजुर्गों से मुलाकात के बाद उन्होंने उनके लिए अपनी ओर से कुछ करने का विचार टीम के सामने रखा। इसके बाद ग्रुप के सदस्यों के सहयोग और योगदान से सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टीम की ओर से वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी बुजुर्गों के लिए राशन, खाने-पीने की सामग्री और रोजमर्रा में उपयोग होने वाली जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं।
टीम के सदस्यों ने बताया कि बुजुर्गों के साथ समय बिताने और उनके लिए कुछ करने से उन्हें भी संतुष्टि मिली। वहीं, टीम के पहुंचने और बातचीत करने से वृद्धाश्रम के बुजुर्गों में भी खुशी देखने को मिली।
जोड़ी राइडर और JH 05 की टीम ने आगे भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखने की बात कही है।

