रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह के अलावा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।
मैच के दौरान दर्शकों के प्रवेश और निकास, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, खिलाड़ियों और दोनों टीमों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थानों की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मैच के दौरान पर्याप्त संख्या में बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखा जाए।
एडीजी ने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दर्शकों की सुविधा के साथ खिलाड़ियों और अन्य महत्वपूर्ण लोगों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं को पहले से तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
रांची पुलिस ने क्रिकेट मैच देखने आने वाले दर्शकों और आम लोगों से अपील की है कि वे पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

