रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच नौ अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में भारी उत्साह है। सोमवार से मैच के टिकटों की ऑफलाइन बिक्री शुरू हो रही है। टिकट खरीदने के लिए रविवार शाम से ही बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम के बाहर पहुंचने लगे। कई प्रशंसक रात में ही चादर और कंबल लेकर टिकट लेने के इंतजार में पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के बाद पुलिस ने लोगों को रात में स्टेडियम परिसर के बाहर रुकने से मना किया और सुबह आने को कहा। इसके बावजूद कई क्रिकेट प्रेमी आसपास ही गमछा और चादर बिछाकर रात गुजारते नजर आए।
टिकट बिक्री के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए स्टेडियम के बाहर रात से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। टिकट काउंटर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक संचालित होंगे। प्रशासन और जेएससीए ने दर्शकों की संख्या को देखते हुए प्रवेश, निकासी, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की है। जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने जेएससीए स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है।
टिकट बिक्री के लिए कुल छह काउंटर बनाए गए हैं। इनमें चार काउंटर सामान्य दर्शकों के लिए हैं, जबकि एक महिला और एक दिव्यांग दर्शकों के लिए निर्धारित किया गया है। दर्शक ऑनलाइन माध्यम से भी टिकट खरीद सकेंगे। एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट खरीदने की अनुमति होगी।
मैच के टिकटों की कीमत 1600 रुपये से लेकर 18 हजार रुपये तक रखी गई है। ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट 1600 रुपये के हैं। विभिन्न विंग के लोअर और अपर टियर के टिकट 2000 से 3500 रुपये के बीच हैं। स्पाइस बॉक्स का टिकट 2500 रुपये, अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस का 4500 रुपये, डोनर्स एन्क्लोजर का 4000 रुपये और हॉस्पिटैलिटी बॉक्स का टिकट 9000 रुपये निर्धारित है। कॉरपोरेट बॉक्स 8000 रुपये, कॉरपोरेट लाउंज 15 हजार रुपये, एमएस धोनी पवेलियन का लग्जरी पार्लर 10 हजार रुपये और प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 18 हजार रुपये का है।
पिछले आयोजनों में सामने आई अव्यवस्थाओं को देखते हुए इस बार प्रशासन और जेएससीए ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। दर्शकों के लिए पेयजल, सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था पर ध्यान दिया गया है। नौ अक्टूबर को होने वाले मुकाबले के दिन भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवाजाही के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए टिकटों की बिक्री के दौरान भी प्रशासन की नजर भीड़ की स्थिति पर बनी रहेगी।

