चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में शनिवार और रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जरूरत के अनुसार रेफर किया गया।
पहली घटना शनिवार रात करीब आठ बजे मनोहरपुर-चिड़िया मुख्य मार्ग पर लोड़ो-अंकुवा पुलिया के पास हुई। चिड़िया ओपी क्षेत्र के अंकुवा चौक निवासी 37 वर्षीय सोनाराम पूर्ति लोड़ो गांव से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटानागरा की ओर से मनोहरपुर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
दुर्घटना में सोनाराम पूर्ति का दायां पैर टूट गया, जबकि बाएं पैर में भी गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मनोहरपुर सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया।
दूसरी घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे मनोहरपुर-आनंदपुर मुख्य मार्ग पर टंगराईन मोड़ के समीप हुई। यहां स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक बुजुर्ग समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टंगराईन निवासी 63 वर्षीय सुरेशचंद्र महतो, आनंदपुर थाना क्षेत्र के बुलुमदा गांव निवासी 24 वर्षीय सलीम भेंगरा और 23 वर्षीय अजय बागे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरेशचंद्र महतो स्कूटी से मनोहरपुर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में सुरेशचंद्र महतो के सिर में गंभीर चोट लगी। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से मनोहरपुर सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सुरेशचंद्र महतो को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जबकि सलीम भेंगरा और अजय बागे का इलाज सीएचसी में जारी है। पुलिस स्तर पर हादसों की जानकारी जुटाई जा रही है।

