पलामू। छतरपुर थाना क्षेत्र के मसीहानी बाइपास रोड पर रविवार सुबह सड़क हादसे में घायल 60 वर्षीय जालिम भुइयां की इलाज के दौरान मौत हो गयी। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार संजय यादव भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर में चल रहा है। दोनों बगैया गांव के निवासी बताए गये हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे जालिम भुइयां और संजय यादव एक ही बाइक से बगैया गांव से छतरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मसीहानी बाइपास रोड पर उनकी बाइक की टाटा पंच कार से टक्कर हो गयी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल छतरपुर अस्पताल पहुंचाया।
छतरपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान जालिम भुइयां ने दम तोड़ दिया। संजय यादव का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी, जबकि टाटा पंच कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा और उसका शीशा टूट गया। कार का नंबर यूपी 67 एएम 6009 बताया गया है। घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी थी। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मसीहानी बाइपास और फोरलेन के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग को लेकर भी चिंता जतायी है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बड़े वाहनों समेत अन्य गाड़ियां खड़ी रहने से आवागमन प्रभावित होता है और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने और बाइपास को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है।

