चाईबासा: जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग में शुक्रवार को खेले गए दो मुकाबलों में चाईबासा चैलेंजर्स और कोल्हान किंग ने जीत दर्ज की। पहले मैच में चाईबासा चैलेंजर्स ने मनोहरपुर लायंस को सात विकेट से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में कोल्हान किंग ने सारंडा वारियर्स को आठ रन से पराजित कर लगातार तीसरी जीत हासिल की और अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंचकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में सुबह नौ बजे खेले गए पहले मैच में चाईबासा चैलेंजर्स ने टॉस जीतकर मनोहरपुर लायंस को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मनोहरपुर लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 177 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज पंकज कुमार ने छह चौके और सात छक्के की मदद से 87 रन की शानदार पारी खेली। विजय रोहित ने 28 और तन्मय तंतुबाई ने नाबाद 22 रन बनाए। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से फैजानुल रहमान, हर्ष राणा और आकाश कुमार ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 183 रन बनाकर मैच जीत लिया। रवि शर्मा ने तीन चौके और छह छक्के की मदद से नाबाद 65 रन बनाए। सुमित कुमार ने चार चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 44 रन, सचिन दूबे ने 32, अरविंद कुमार ने 22 और हर्ष राणा ने 15 रन बनाए। रवि शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में जेएससीए के आजीवन सदस्य अभिषेक ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।
दूसरे मैच में दोपहर एक बजे कोल्हान किंग और सारंडा वारियर्स आमने-सामने हुए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोल्हान किंग ने सात विकेट पर 210 रन बनाए। आशीष तनवर ने नौ चौके और तीन छक्के की मदद से 78 रन बनाए। तौसिफ एहसान ने चार चौके और पांच छक्के की मदद से 56 रन, कप्तान शिवम कुमार ने 37 और सत्यम यादव ने 20 रन बनाए। सारंडा वारियर्स की ओर से धीरज कुमार ने तीन और हिमांशु शर्मा ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सारंडा वारियर्स की टीम सात विकेट पर 202 रन ही बना सकी। अंकित शर्मा ने सात चौके और दो छक्के की मदद से 48 रन बनाए। कुमार करण ने 36, बालकृष्णा ने 32 और जयप्रकाश राजपूत ने 24 रन बनाए। कोल्हान किंग की ओर से विकास यादव और हृतिक अनंत ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सन्नी मिश्रा, पारस नंदी और राम रौशन शरण को एक-एक सफलता मिली।
कोल्हान किंग के आशीष तनवर को 78 रन की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें रुंगटा माइंस लिमिटेड के ज्वाइंट वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट अफेयर्स गिरधारी लाल पारीक ने पुरस्कार प्रदान किया।

