Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

पेड़ बचाने और पौधे लगाने का संदेश लेकर निकलीं छात्राएं, वॉक-ए-थॉन में दिखा पर्यावरण प्रेम

जमशेदपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जमशेदपुर में वन विभाग की ओर से जागरूकता वॉक-ए-थॉन का आयोजन किया गया। झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वॉक-ए-थॉन में जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी, एएफओ भीमत कुमार समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश और पौधरोपण की अपील वाले कटआउट लेकर छात्राओं ने लोगों को प्रकृति और हरियाली के प्रति जागरूक किया।

वॉक-ए-थॉन के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने, पेड़ों की रक्षा करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों ने हरियाली बचाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प दोहराया। वॉक-ए-थॉन के माध्यम से वन विभाग ने लोगों से पौधरोपण को जनअभियान बनाने और पेड़ों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Related Post