चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर देर रात अचानक हाथियों का बड़ा झुंड सड़क पर आ गया। सुखचेन मोटर्स के सामने हाथियों को देखकर वाहन चालकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
बताया गया कि हाथियों के झुंड में छोटे बच्चे भी शामिल थे। पिछले कुछ दिनों से हाथियों का यह झुंड बड़ाजामदा और आसपास के क्षेत्र में घूम रहा है। देर रात झुंड के सड़क पर पहुंचने के बाद वाहन चालक काफी देर तक हाथियों के वहां से हटने का इंतजार करते रहे।
हाथियों के सड़क पर आने की सूचना वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग के कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने सावधानी के साथ हाथियों को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजा। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
वन विभाग ने वाहन चालकों और ग्रामीणों से हाथियों के झुंड के पास नहीं जाने और उन्हें किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि सड़क पर हाथी दिखाई देने की स्थिति में वाहन को रोक दें और हाथियों को सुरक्षित तरीके से रास्ता पार करने दें। हाथियों के पास जाकर फोटो लेने या उन्हें छेड़ने से स्थिति गंभीर हो सकती है।
वन विभाग की ओर से लोगों को रात के समय इस मार्ग पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों और वाहन चालकों में चिंता बनी हुई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उनके सुरक्षित आवागमन के लिए निगरानी कर रही है।

