Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

बिरसानगर जोन-6 में देर रात उपद्रव, दो कारों के शीशे तोड़े, आग लगाने का प्रयास

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन-6 में गुरुवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को क्षतिग्रस्त करते हुए उनके शीशे तोड़ दिए। इसके बाद एक कार में आग लगाने की कोशिश की गई। हालांकि स्थानीय लोगों की समय रहते नजर पड़ जाने से आग फैलने से पहले ही घटना को रोक लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने इलाके की एक दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने के बाद वहां रखा सामान निकालकर सड़क पर फेंक दिया गया। देर रात अचानक हुई इन घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने बिरसानगर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Post