जमशेदपुर: टाटा-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के फैसले को लेकर भाजपा सिख नेताओं और सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने और रेलवे के फैसले पर पुनर्विचार कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान को उत्तर भारत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके परिचालन पर रोक लगने से हजारों यात्रियों के साथ विद्यार्थियों, कामगारों, कारोबारियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक फॉग-सेफ्टी उपकरण, उन्नत सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपायों का इस्तेमाल कर ट्रेन का परिचालन जारी रखने की संभावनाओं पर रेलवे को विचार करना चाहिए। नेताओं ने कहा कि सुरक्षा मानकों से समझौता किए बिना इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को जारी रखने का रास्ता तलाशा जाना चाहिए।
मुलाकात के दौरान टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों के लिए उत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों की नियमितता बेहद महत्वपूर्ण है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस जनहित के मुद्दे को रेलवे के उच्च अधिकारियों और संबंधित स्तर पर उठाकर आवश्यक पहल की जाएगी।
मुलाकात के दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री चंचल भाटिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कामे, जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह काते समेत भाजपा सिख नेता, सिख समाज के गणमान्य लोग और युवा साथी मौजूद रहे।

