जमशेदपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों और वन संपदा की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार के कार्यकाल में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की लगातार लूट और अवैध दोहन हो रहा है और अब जंगलों में पेड़ों की कटाई की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के सांकाभांगा गांव के समीप स्थित जंगल में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में साल यानी सखुआ के पेड़ों की कटाई की गई। उन्होंने कहा कि जंगल में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई के बावजूद वन विभाग इसे रोकने में सफल नहीं रहा। उनके अनुसार, जिस स्थान पर पेड़ों की कटाई हुई, वह राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद संबंधित विभाग को इसकी जानकारी समय पर नहीं मिलना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार जल, जंगल और जमीन की रक्षा के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन सरकार के कार्यकाल में कोयला, बालू, पत्थर समेत अन्य प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। अब जंगलों में पेड़ों की कटाई की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे वन संपदा के संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉ. गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा जंगलों में पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने वन क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की।

